जयपुर की डॉ. रुचि सोगरवाल को बॉलीवुड एक्ट्रेस मुग्धा गोडसे ने विमेंस ग्लोरी अवार्ड्स 2025 से किया सम्मानित।
राजधानी जयपुर में हाल ही में हाइपएज मीडिया ग्रुप द्वारा एवं आई कैन फाउंडेशन के सहयोग से आयोजित हुए विमेंस ग्लोरी अवॉर्ड 2025 में सार्वजनिक स्वास्थ्य और कॉर्पोरेट क्षेत्र की प्रतिष्ठित लीडर डॉ. रुचि सोगरवाल को राजस्थान WGA अवॉर्ड फॉर लीडरशिप इन कॉर्पोरेट्स से सम्मानित किया गया। साथ ही उन्हें बिज़नेस एवं कॉर्पोरेट क्षेत्र की टॉप 10 महिला लीडर्स में शामिल किया गया है। यह सम्मान उन “राजस्थान की बेटियों” को समर्पित है जिन्होंने बाधाओं को तोड़ते हुए राष्ट्रीय और वैश्विक स्तर पर कॉर्पोरेट नेतृत्व में अपनी मजबूत पहचान बनाई है और आने वाली पीढ़ी की महिलाओं को प्रेरित किया है। सम्मान समारोह में बॉलीवुड अभिनेत्री मुग्धा गोडसे सहित बिज़नेस, मीडिया और सामाजिक क्षेत्र की कई प्रतिष्ठित हस्तियों की गरिमामयी उपस्थिति रही।
इस सम्मान पर अपनी प्रतिक्रिया व्यक्त करते हुए डॉ. रुचि सोगरवाल ने कहा, “यह पहचान केवल मेरी व्यक्तिगत उपलब्धि नहीं है, बल्कि राजस्थान की हर उस बेटी के सपनों और संभावनाओं का प्रतीक है जो सीमाओं से परे सपने देखने का साहस रखती है। हमारी जड़ें हमें सीमित नहीं करतीं, बल्कि हमें सशक्त बनाती हैं।” राजस्थान WGA अवॉर्ड उन महिला लीडर्स को सम्मानित करता है जो ईमानदारी, प्रभाव और उत्कृष्टता की मिसाल पेश करती हैं, और यह संदेश देता है कि मूल्यों पर आधारित नेतृत्व व्यवसाय और समाज में सार्थक परिवर्तन ला सकता है।